Home » दूरस्थ अंचलों तक पहुंचेगी चिकित्सा सेवा: मुख्यमंत्री ने 151 नए स्वास्थ्य वाहनों को दिखाई हरी झंडी

दूरस्थ अंचलों तक पहुंचेगी चिकित्सा सेवा: मुख्यमंत्री ने 151 नए स्वास्थ्य वाहनों को दिखाई हरी झंडी

by Desk 1

रायपुर: राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मजबूती का ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास परिसर से मैदानी स्वास्थ्य अमले के लिए 151 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका उद्देश्य बस्तर और सरगुजा के दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर, समयबद्ध चिकित्सा सुविधा पहुँचाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन वाहनों में पुराने उपयोगहीन वाहनों को स्क्रैप कर आधुनिक और असरदार वाहनों को शामिल किया गया है, जिससे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का क्रियान्वयन, निगरानी और स्वास्थ्य शिविरों की पहुंच और तेज होगी। उन्होंने कहा कि जिलों व विकासखण्डों में स्वास्थ्यकर्मियों को ये वाहन मिलने से आपातकालीन सेवाओं, नियमित निरीक्षण और दूरस्थ इलाकों में त्वरित सेवाएं सुनिश्चित होंगी।

प्रदेश को शीघ्र मिलेंगे 851 नए एंबुलेंस:

पहले चरण में ये वाहन बस्तर एवं सरगुजा संभाग के 12 जिलों को भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 851 नई एंबुलेंस सेवाएँ शुरू की जाएंगी, जिनमें:

  • 375 एंबुलेंस 108 आपातकालीन सेवा हेतु

  • 30 ग्रामीण चलित चिकित्सा इकाइयों के लिए

  • 163 ‘मुक्तांजली’ शव वाहन निःशुल्क सेवा के अंतर्गत शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर जनजातीय समुदायों के उत्थान हेतु ‘जन-मन योजना’ के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 30 और एंबुलेंस भी जल्द शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के समय जैसे चुनौतीपूर्ण मौसम में भी स्वास्थ्य सेवाओं की घर-घर पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस पहल की सराहना की और कहा कि सरकार स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने हेतु लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, आयुक्त डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित CGMSC अध्यक्ष दीपक म्हस्के, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज, तमाम अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे।

You may also like