नई दिल्ली: भारत के पासपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिली है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 की ताज़ा रिपोर्ट में भारत ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी छलांग लगाते हुए 85वें स्थान से सीधे 77वें स्थान पर जगह बना ली है। यह सुधार पिछले छह महीनों में भारत की वैश्विक स्थिति में हुए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है।
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स उन देशों की रैंकिंग करता है जिनके पासपोर्ट से दुनिया में सबसे अधिक देशों में बिना वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल के साथ यात्रा की जा सकती है। इस रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट धारक अब 59 देशों में वीजा-मुक्त या वीजा-ऑन-अराइवल सुविधा के साथ यात्रा कर सकते हैं, जो पहले 57 देशों तक सीमित थी।
सबसे ताकतवर पासपोर्ट: सिंगापुर शीर्ष पर
इंडेक्स में सिंगापुर लगातार शीर्ष पर बना हुआ है। सिंगापुर के नागरिक 193 देशों में वीजा-मुक्त यात्रा कर सकते हैं। उसके बाद जापान और दक्षिण कोरिया हैं, जिनके पासपोर्ट से 190 देशों में वीजा-फ्री यात्रा संभव है। तीसरे स्थान पर डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, आयरलैंड और स्पेन हैं, जहां 189 देशों में यात्रा की सुविधा मिलती है। वहीं दूसरी ओर, अफगानिस्तान इस सूची में सबसे नीचे है। अफगानी पासपोर्ट पर केवल 26 देशों में ही वीजा-मुक्त यात्रा की जा सकती है।
अमेरिका और ब्रिटेन की रैंकिंग में गिरावट
कभी दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट माने जाने वाले अमेरिका और ब्रिटेन की रैंकिंग में गिरावट आई है। 2025 में अमेरिका दसवें स्थान पर पहुंच गया है, जिससे उसके नागरिक 182 देशों में यात्रा कर सकते हैं। ब्रिटेन एक पायदान फिसलकर छठे स्थान पर आ गया है, जहां उसके नागरिकों को 186 देशों में वीजा-मुक्त प्रवेश मिलता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इन देशों की कड़ी इमिग्रेशन नीतियां इस गिरावट का कारण हो सकती हैं।
सऊदी अरब और चीन ने भी दिखाई मजबूती
2025 की पहली छमाही में सऊदी अरब ने भी उल्लेखनीय प्रगति की है। उसने चार नए देशों में वीजा-फ्री एंट्री हासिल की, जिससे अब उसके नागरिक 91 देशों में बिना वीजा यात्रा कर सकते हैं। वहीं चीन ने भी 2015 से अब तक 34 स्थानों की छलांग लगाई है और अब वह 60वें स्थान पर पहुंच गया है, हालांकि उसे अब भी शेंगेन देशों में वीजा-मुक्त सुविधा नहीं मिली है।
भारतीयों के लिए वीजा फ्री देश:
अंगोला, बारबाडोस, भूटान, बोलिविया, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, बुरुंडी, कंबोडिया, केप वर्डे आइलैंड्स, कोमोरो आइलैंड्स, कुक आइलैंड्स, जिबूती, डोमिनिका, इथियोपिया, फिजी, ग्रेनेडा, गिनी-बिसाऊ, हैती, इंडोनेशिया, ईरान, जमैका, जॉर्डन, कजाकिस्तान, केन्या, किरीबाती, लाओस, मकाऊ (चीन), मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मार्शल आइलैंड्स, मॉरीशस, माइक्रोनेशिया, मंगोलिया, मॉन्टसेराट, मोजाम्बिक, म्यांमार, नामीबिया, नेपाल, न्यूई, पलाउ आइलैंड्स, कतर, रवांडा, समोआ, सेनेगल, सेशेल्स, सिएरा लियोन, सोमालिया, श्रीलंका, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइन्स, तंजानिया, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते, त्रिनिदाद और टोबैगो, तुवालु, वानुआतु और जिम्बाब्वे।