बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छा अवसर सामने आया है। IDBI बैंक ने जूनियर असिस्टेंट मैनेजर (JAM) और असिस्टेंट मैनेजर के कुल 1300 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट idbi.bank.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के लिए शैक्षणिक योग्यता
जूनियर असिस्टेंट मैनेजर (JAM ग्रेड ‘O’) पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। यह विश्वविद्यालय AICTE या UGC से मान्यता प्राप्त होना चाहिए। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। केवल डिप्लोमा धारक उम्मीदवार इस पद के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। आयु सीमा के अनुसार उम्मीदवार की उम्र 1 मार्च 2026 तक 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
असिस्टेंट मैनेजर पद के लिए अनुभव अनिवार्य
असिस्टेंट मैनेजर (ग्रेड ‘A’) पद के लिए भी उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना जरूरी है। साथ ही किसी सरकारी बैंक, निजी बैंक, सहकारी बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में कम से कम दो साल का कार्य अनुभव होना चाहिए। जिन उम्मीदवारों को ब्रांच बैंकिंग, ऑपरेशन, लोन, सेल्स या अन्य बैंकिंग कार्यों का अनुभव है, उन्हें चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता मिल सकती है। इस पद के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा 21 से 30 वर्ष तय की गई है।
आवेदन शुल्क
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1050 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार आवेदन शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, IMPS, मोबाइल वॉलेट या ई-चालान के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं।

