रायपुर: राजधानी रायपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। विधानसभा में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर बेरोजगार युवाओं से पैसे ऐंठे जाने का आरोप है। इस संबंध में पीड़ित कृष्ण कुमार साहू ने टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
नौकरी का झांसा देकर लिए 50 हजार रुपये
शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले आरोपी अब्दुल फिरनाज ने विधानसभा में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले उसने 50 हजार रुपये लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही रकम वापस की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक बहाने बनाकर मामले को टालता रहा।
कई युवाओं से लाखों रुपये ठगने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने सिर्फ एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि कई अन्य बेरोजगार युवाओं से भी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले हैं। आरोप है कि पहले विश्वास जीतकर रकम ली जाती थी और फिर लगातार टालमटोल की जाती थी। कुछ समय बाद आरोपी ने रायपुर स्थित अपना कार्यालय भी बंद कर दिया।
पैसे लेकर दुबई फरार होने का दावा
पीड़ितों का कहना है कि जब दबाव बढ़ा तो आरोपी रायपुर छोड़कर दुबई फरार हो गया। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है और किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है।कई बार संपर्क करने के बावजूद पीड़ितों को सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा, लेकिन आज तक न नौकरी मिली और न ही पैसा वापस हुआ।
पुलिस से आरोपी को भारत लाने की मांग
कृष्ण कुमार साहू सहित अन्य पीड़ितों ने पुलिस से इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपी को विदेश से भारत लाकर पूछताछ करने और सभी पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील की है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की ठगी का शिकार हुआ है, तो बिना देरी किए थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

