रायपुर: डिजिटल सेवाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में जिला समन्वयक पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
चार जिलों में अवसर
यह भर्ती दुर्ग, कांकेर, जशपुर और कोरबा जिलों के लिए की जा रही है। प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। अभ्यर्थी को उसी जिले का स्थायी निवासी होना आवश्यक है, जिसके लिए वह आवेदन प्रस्तुत कर रहा है।
क्या होगी भूमिका?
जिला समन्वयक जिले में संचालित सीएससी केंद्रों के संचालन, मॉनिटरिंग और विस्तार की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों और वीएलई नेटवर्क के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का सुचारु क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही सेवा गुणवत्ता, लक्ष्य प्राप्ति और समय-समय पर रिपोर्टिंग भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
आवश्यक शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। तकनीकी योग्यता के रूप में कंप्यूटर साइंस में कम से कम 6 माह का डिप्लोमा या NIELIT द्वारा जारी CCC प्रमाण पत्र आवश्यक है। कंप्यूटर, इंटरनेट, एमएस ऑफिस, ईमेल और ऑनलाइन पोर्टल के संचालन का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए।
अनुभव और आयु मानदंड
आवेदक के पास न्यूनतम 2 वर्ष का संबंधित क्षेत्र में अनुभव होना चाहिए। आईटी, ई-गवर्नेंस या सरकारी परियोजनाओं में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। आयु सीमा 24 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, हालांकि विशेष मामलों में छूट संभव है। वर्तमान CSC VLE इस पद के लिए पात्र नहीं हैं।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार www.csc.gov.in या career.csccloud.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और सही जानकारी भरना अनिवार्य है। ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।

