Home » मुख्यमंत्री साय ने जनदर्शन में सुनी जनता की समस्याएं, 915 आवेदन हुए प्राप्त, जरूरतमंदों को मिली त्वरित सहायता
सीएम साय ने जनदर्शन में सुनी जनता की समस्याएं

मुख्यमंत्री साय ने जनदर्शन में सुनी जनता की समस्याएं, 915 आवेदन हुए प्राप्त, जरूरतमंदों को मिली त्वरित सहायता

by Desk 1

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेकर समाधान के निर्देश दिए।

जनदर्शन में 915 आवेदन हुए प्राप्त

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार जनदर्शन कार्यक्रम में कुल 915 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें स्वेच्छानुदान, निर्माण कार्य, स्थानांतरण, राजस्व से जुड़े प्रकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे।
साय ने कहा कि “तत्काल निराकरण योग्य मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया है। बाकी आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।”

दिव्यांगजन और जरूरतमंदों को मिली सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जरूरतमंदों को आर्थिक व सहायक सामग्री प्रदान की। उन्होंने 4 व्हीलचेयर, 2 वॉकर और 5 हियरिंग मशीन जरूरतमंदों को दिए। साथ ही दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी को ₹90,000 का चेक और छत्तीसगढ़ का नक्शा बनाने वाले दिव्यांग कलाकार को ₹5,100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

‘जनदर्शन जनता से सीधा संवाद है’ — सीएम साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “लंबे अंतराल के बाद जनदर्शन का आयोजन हुआ है। यह जनता से सीधा संवाद का माध्यम है, जहां लोग बिना किसी बाधा के अपनी बात रख सकते हैं। सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह समर्पित है।”

 

You may also like