Home » कुम्हार के चाक पर मुख्यमंत्री का अंदाज़: मिट्टी से गढ़ा दीया, कारीगरों को मिला सम्मान
कुम्हार के चाक पर मुख्यमंत्री का अंदाज़

कुम्हार के चाक पर मुख्यमंत्री का अंदाज़: मिट्टी से गढ़ा दीया, कारीगरों को मिला सम्मान

by Desk 1

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आत्मीय और सहज रूप मंगलवार को उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने कुम्हार के चाक पर खुद मिट्टी का दीया और कलश गढ़ा। इस पहल के जरिए उन्होंने पारंपरिक शिल्प के प्रति सम्मान और स्थानीय कारीगरों से जुड़ाव का सशक्त संदेश दिया।

सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री

अवसर था सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक का, जिसमें शामिल होने मुख्यमंत्री कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचे थे। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के साथ ही परिसर में स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।

शिल्पकार के स्टॉल पर रुके सीएम साय

इसी प्रदर्शनी में सोनहत विकासखंड निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी से दीया और कलश बनाने का सजीव प्रदर्शन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उनके स्टॉल पर पहुंचे और कुछ देर तक शिल्पकला को ध्यानपूर्वक देखते रहे।

चाक पर हाथ आजमाकर बनाया दीया

कला के प्रति उत्सुकता बढ़ने पर मुख्यमंत्री ने स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा जताई। शिल्पकार की सहमति से उन्होंने घूमते हुए चाक पर गीली मिट्टी को अपने हाथों से साधा और कुछ ही पलों में उसे सुंदर दीये का आकार दे दिया। मुख्यमंत्री की इस सहज कुशलता को देखकर शिल्पकार भी चकित रह गए, वहीं मौजूद लोगों ने तालियों के साथ इस पल का स्वागत किया।

कारीगरों को योजनाओं से जुड़ने की अपील

इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिल्पकार से उनके व्यवसाय, आय और परिवार के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्हें शासन की स्वरोजगार और कारीगर हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक शिल्प, कारीगरों और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि स्थानीय कला और हुनर को नई पहचान और बेहतर बाजार मिल सके।

You may also like