Home » मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 62वां जन्मदिन: गृहग्राम बगिया में सत्यनारायण व्रत कथा का किया गया आयोजन, उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री का जन्मदिन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 62वां जन्मदिन: गृहग्राम बगिया में सत्यनारायण व्रत कथा का किया गया आयोजन, उमड़ा जनसैलाब

by Desk 1

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 62वां जन्मदिन उनके गृहग्राम बगिया में पारिवारिक स्नेह, जनसमर्थन और उत्साह के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर बगिया गांव में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। बगिया पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने परिवारजनों के साथ समय बिताया और जन्मदिन के कार्यक्रमों में शामिल हुए।

दिनभर लगा बधाइयों का तांता

जन्मदिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन

इस विशेष दिन पर बगिया स्थित राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री, उनकी माताजी, धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

गृहग्राम में दिखा खास उत्साह

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही उनके निवास पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों में उनसे मिलने और जन्मदिन की शुभकामनाएं देने को लेकर खास उत्साह नजर आया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

इस मौके पर विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार राय सहित पंचायत और नगरीय निकायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी।

छात्राओं को मिला प्रोत्साहन

जिले का नाम क्रिकेट में रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं को मुख्यमंत्री ने 15 क्रिकेट किट प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।

पहाड़ी कोरवा समाज ने पारंपरिक अंदाज में दी बधाई

बगीचा क्षेत्र से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना से उनके गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे जीवन स्तर में सुधार आया है।

You may also like