रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में 29 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के जरिए निजी क्षेत्र में तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणियों के करीब 15 हजार पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
सेजबहार रायपुर में तीन दिन चलेगा रोजगार मेला
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार, रायपुर परिसर में आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में देश की कई नामी निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी और अभ्यर्थियों का चयन मौके पर ही इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के अभ्यर्थियों के लिए 29 जनवरी
राज्य स्तरीय रोजगार मेले के अंतर्गत जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के उम्मीदवारों के लिए 29 जनवरी 2026 को साक्षात्कार की व्यवस्था की गई है। निर्धारित तिथि को अभ्यर्थियों को रायपुर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
रोजगार पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही रोजगार मेला पंजीयन भी आवश्यक है। इच्छुक युवा erojgar.cg.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
इंटरव्यू के समय जरूरी दस्तावेज साथ लाएं
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मनेंद्रगढ़ (जिला एमसीबी) से संपर्क किया जा सकता है।

