छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सरकार ने घोषणा की है कि होली पर्व से पहले समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को अंतर की राशि एकमुश्त उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस मद में करीब 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
35 हजार करोड़ तक पहुंचेगी कुल भुगतान राशि
सरकार के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले दो वर्षों में किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी होने के बाद कुल भुगतान 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
25 लाख से अधिक किसानों को लाभ
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इन किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का लाभ दिया जाएगा। यह दर देश में सबसे अधिक मानी जा रही है।
विधानसभा सत्र और बजट को मंजूरी
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के अष्टम सत्र (फरवरी-मार्च 2026) के लिए राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी दी। साथ ही वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में पेश करने के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप का अनुमोदन भी किया गया।
किसानों के लिए होली का तोहफा
सरकार का कहना है कि यह निर्णय किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में उठाया गया कदम है। होली से पहले राशि मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

