बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के शुरू होते ही रुझानों में राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बड़ी बढ़त बना ली है। कुल 243 सीटों में से एनडीए 199 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि महागठबंधन सिर्फ 38 सीटों पर सिमटता हुआ दिखाई दे रहा है। शुरुआती रुझानों में ही एनडीए की इस बढ़त ने भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
रुझानों में मिली बढ़त के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर जीत की अग्रिम बधाई दी। मुख्यमंत्री ने इसे एनडीए की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
BJP ने पोस्टर जारी कर विपक्ष पर साधा निशाना
जैसे-जैसे एनडीए की बढ़त बढ़ती गई, भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक कार्टून पोस्टर जारी किया जिसमें राहुल गांधी को ‘पनौती’ बताते हुए निशाना साधा गया। वहीं चुनावी परिणामों में एनडीए की बढ़त को ‘आंधी’ के रूप में दर्शाया गया है।
रायपुर BJP कार्यालय में जश्न का माहौल
राजधानी रायपुर में भाजपा कार्यालय में माहौल उत्साह से भरा हुआ है। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री अमित मेशरी, उज्ज्वल दीपक और गुंजन प्रजापति समेत कई महिला नेत्रियों ने जमकर डांस किया।

