Home » तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे अमित शाह, नक्सलवाद पर होगी हाईलेवल बैठक
अमित शाह

तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे अमित शाह, नक्सलवाद पर होगी हाईलेवल बैठक

by Desk 1

रायपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुँचे। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। अमित शाह का यह दौरा राज्य की आंतरिक सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सुरक्षा और नक्सलवाद पर होंगी उच्चस्तरीय बैठकें

अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई अहम बैठकों में शामिल होंगे। रायपुर में आयोजित इन बैठकों में नक्सलवाद, वामपंथी उग्रवाद (LWE), सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान आगे की रणनीति और कार्ययोजना तय की जाएगी।

8 फरवरी को LWE समीक्षा बैठक और राष्ट्रीय कॉन्क्लेव

8 फरवरी को अमित शाह रायपुर में वामपंथी उग्रवाद को लेकर आयोजित सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में नक्सल प्रभावित जिलों की स्थिति, सुरक्षा बलों की तैनाती और अभियानों की समीक्षा की जाएगी। इसी दिन वे ‘छत्तीसगढ़ @ 25 : शिफ्टिंग द लेंस’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

9 फरवरी को बस्तर दौरा, बस्तर पंडुम समापन में शिरकत

9 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर दौरे पर जाएंगे। वे बस्तर पंडुम महोत्सव-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम का समापन करेंगे। यह दौरा बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

तय कार्यक्रम के अनुसार होगा प्रवास

अमित शाह 7 फरवरी की शाम रायपुर पहुँचे और रात्रि विश्राम राजधानी में करेंगे। 8 फरवरी को दिनभर बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद 9 फरवरी को विशेष विमान से दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुँचेंगे। वहाँ से वे सड़क मार्ग से बस्तर पंडुम आयोजन स्थल जाएंगे और कार्यक्रम के बाद जगदलपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

 

You may also like