अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। Indian Army की इस भर्ती का छत्तीसगढ़ के हजारों युवा लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इस बार राज्य को 1100 से 1300 पद मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे युवाओं के चयन की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
1 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। समय सीमा के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते पंजीकरण करने की सलाह दी गई है।
जुलाई-अगस्त में होगी CEE परीक्षा
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले चरण में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा जुलाई से अगस्त 2026 के बीच संभावित है। CEE में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षण और मेडिकल जांच से गुजरना होगा।
छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा उत्साह
पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ के युवाओं में अग्निवीर भर्ती को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। पंजीकरण की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो युवाओं के बढ़ते रुझान को दर्शाती है। बीते वर्षों में हजारों युवाओं ने सेना में शामिल होने के लिए आवेदन किया है, जबकि इस बार पदों की संख्या बढ़ने से प्रतिस्पर्धा के साथ अवसर भी ज्यादा होंगे।
भर्ती प्रक्रिया बनी और ज्यादा डिजिटल
इस बार अग्निवीर भर्ती को और अधिक पारदर्शी, डिजिटल और सुगम बनाने पर जोर दिया गया है। युवाओं में तैयारी को लेकर भी अधिक सक्रियता देखी जा रही है। अनुमान है कि पंजीकरण का आंकड़ा इस बार नए रिकॉर्ड को छू सकता है।

