Home » अमृत भारत स्टेशन योजना: सरोना और बालोद स्टेशन तैयार
रेलवे आधुनिकीकरण से यात्री सुविधाएं, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

अमृत भारत स्टेशन योजना: सरोना और बालोद स्टेशन तैयार

रायपुर: अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगी छत्तीसगढ़ की रेल तस्वीर, सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का होगा लोकार्पण, रेलवे के आधुनिकीकरण से यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम

by bholuchand news

रायपुर, 16 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई को किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के नवनिर्मित एवं पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इन स्टेशनों के शुरू होने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में रायपुर मंडल के रेल मंडल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने गुरुवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा। बैठक में सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और रेलवे स्टेशन के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे आज तेजी से आधुनिक हो रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उन्नयन से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मजबूत रेल संपर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा आम नागरिकों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।

उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित, दिव्यांगजन-अनुकूल और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित बनाकर भारतीय रेलवे को विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था के रूप में विकसित करना है।

यह भी पढ़ें..अमृत भारत स्टेशन योजना: सरोना और बालोद स्टेशन तैयार

 

You may also like