रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी का फैसला किया है। करीब पांच वर्षों बाद लिए गए इस निर्णय के तहत संशोधित शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगे। इससे प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
नियमित छात्रों को अब देने होंगे 800 रुपये
नए प्रावधानों के अनुसार नियमित परीक्षार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा शुल्क, अंकसूची और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर 800 रुपये जमा करने होंगे। अब तक इसके लिए 460 रुपये लिए जाते थे। यानी एक ही झटके में शुल्क में बड़ा इजाफा किया गया है।
आवेदन फार्म का शुल्क भी बढ़ा
माशिमं ने बोर्ड परीक्षा के आवेदन फार्म की फीस में भी वृद्धि की है। पहले आवेदन के लिए 80 रुपये देने होते थे, जो अब बढ़कर 150 रुपये हो गए हैं। हालांकि प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह 80 रुपये ही रहेगा।
कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
10वीं और 12वीं परीक्षा शुल्क बढ़ाने का निर्णय माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने कुल 22 विभिन्न मदों में शुल्क वृद्धि को स्वीकृति दी है। इनमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा, स्वाध्यायी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति शुल्क शामिल हैं।
स्वाध्यायी छात्रों पर भी पड़ेगा असर
शुल्क वृद्धि का असर स्वाध्यायी छात्रों पर भी साफ तौर पर दिखाई देगा। प्रदेश के स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन और अनुमति शुल्क को 560 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है। वहीं राज्य के नए छात्रों और राज्य से बाहर के छात्रों के लिए यह शुल्क 1,540 रुपये से बढ़कर 2,000 रुपये हो गया है।
विषयवार परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी
एक विषय की परीक्षा के लिए अब 400 रुपये देने होंगे, जो पहले 280 रुपये थे। दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) का शुल्क 340 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।
संशोधित शुल्क सूची (10वीं–12वीं)
नियमित परीक्षा, अंकपत्र व प्रैक्टिकल: 460 → 800 रुपये
नामांकन शुल्क: 80 → 200 रुपये
अतिरिक्त विषय: 110 → 250 रुपये
स्वाध्यायी संपूर्ण विषय परीक्षा: 1,230 → 1,600 रुपये
स्वाध्यायी एक विषय: 280 → 500 रुपये
स्वाध्यायी दो विषय: 340 → 600 रुपये
परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क: 240 → 400 रुपये
विलंब शुल्क (स्वाध्यायी): 770 → 1,000 रुपये
विशेष विलंब शुल्क: 1,540 → 2,000 रुपये
छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि माशिमं ने इससे पहले वर्ष 2021 में परीक्षा और संबंधित शुल्कों में संशोधन किया था। अब पांच साल बाद दोबारा शुल्क बढ़ाए जाने से छात्रों और अभिभावकों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।

