राजधानी रायपुर में शनिवार को एक ऑयल फैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र की बताई जा रही है। आग की लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
फैक्ट्री से उठता धुआं देख मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे फैक्ट्री परिसर से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में मौजूद ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और यूनिट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। प्रबंधन ने बिना देर किए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना024578 मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
आग बुझाने में जुटी दमकल की कई टीमें
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने एहतियातन आसपास के इलाके को सुरक्षित कर लिया है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
वीडियो हुआ वायरल, नुकसान का आकलन जारी
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फैक्ट्री से उठता काले धुएं का विशाल गुबार साफ देखा जा सकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
24587

