Home » महिलाओं को मिला जुलाई माह का तोहफा: महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी

महिलाओं को मिला जुलाई माह का तोहफा: महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी

by Desk 1

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु शुरू की गई महतारी वंदन योजना के तहत जुलाई 2025 की 17वीं किस्त का भुगतान सोमवार को जारी कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस बार प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को ₹647.66 करोड़ की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की है।

अब तक ₹11,081.68 करोड़ की राशि वितरित

इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी। तब से अब तक लगातार 17 माहों में कुल ₹11,081.68 करोड़ की सहायता राशि हितग्राही महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है। इस योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को हर माह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जाती है।

जानकारी के लिए पोर्टल और मोबाइल ऐप उपलब्ध

योजना से जुड़ी जानकारी या भुगतान की स्थिति जानने के लिए महिलाएं महतारी वंदन योजना के पोर्टल या इसके मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकती हैं, जिसे प्लेस्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यदि कोई लाभार्थी योजना का लाभ नहीं लेना चाहती, तो वह पोर्टल पर जाकर ‘लाभ त्याग’ विकल्प का चयन कर सकती है।

डीबीटी के माध्यम से हो रहा भुगतान

महतारी वंदन योजना की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जा रही है। जिन लाभार्थियों के बैंक खाते डीबीटी सक्षम नहीं हैं या आधार लिंक नहीं है, उन्हें बैंक जाकर तुरंत आधार सीडिंग कराने की सलाह दी गई है, ताकि राशि वापस न लौटे।

आधार अपडेट करवाने की अपील

विभाग ने महिलाओं से अनुरोध किया है कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट करवाएं। हर 10 साल में आधार अपडेट करना अनिवार्य है। कई मामलों में आधार निष्क्रिय होने के कारण भुगतान रोक दिया गया है। इसलिए सभी हितग्राहियों को पहचान और निवास प्रमाण-पत्र के साथ निकटतम आधार केंद्र जाकर अपना आधार अपडेट कराना जरूरी है।

You may also like