राजस्थान में सरकारी विभागों में नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) द्वारा लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और जूनियर असिस्टेंट (ग्रेड-2) के 10,644 पदों पर चल रही भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 13 फरवरी तय की गई है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि इसके बाद आवेदन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
पूरी तरह ऑनलाइन है आवेदन प्रक्रिया
उम्मीदवार RSSB की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in अथवा राजस्थान सरकार के SSO पोर्टल (sso.rajasthan.gov.in) के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद आवश्यक विवरण भरकर, दस्तावेज अपलोड कर और शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट किया जा सकता है।
शैक्षणिक योग्यता और उम्र की शर्त
भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा O-Level, COPA, कंप्यूटर साइंस में डिग्री या डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक अथवा समकक्ष कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना अनिवार्य रखा गया है।
आयु सीमा के तहत न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्र की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
इतने पदों पर होगी नियुक्ति
RSSB की इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में लोअर डिवीजन क्लर्क और जूनियर असिस्टेंट (ग्रेड-2) के कुल 10,644 पद भरे जाएंगे। पदों का विस्तृत विवरण और श्रेणीवार जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग, ओबीसी और अति पिछड़ा वर्ग (क्रीमी लेयर) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है। वहीं ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 400 रुपये निर्धारित है। भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।

