बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करने के लिए 16 और 17 फरवरी को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में कुल 1537 पदों पर भर्ती की जाएगी।
लाईवलीहुड कॉलेज आड़ावाल में होगा आयोजन
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जगदलपुर द्वारा आयोजित यह मेला आड़ावाल स्थित लाईवलीहुड कॉलेज में सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक आयोजित होगा। इस दो दिवसीय मेले में निजी क्षेत्र के 17 नियोजक भाग लेंगे, जो तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के पदों के लिए युवाओं का सीधे साक्षात्कार लेकर चयन करेंगे।
ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार विभागीय पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर जाकर रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा ई-रोजगार ऐप, लोक सेवा केन्द्र या निकटतम रोजगार कार्यालय के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होते समय अपना प्रवेश पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लानी होगी।
निःशुल्क बस सेवा और हेल्पलाइन सुविधा
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने नया बस स्टैंड, जगदलपुर से रोजगार मेला स्थल (आड़ावाल) तक निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी विभागीय टोल-फ्री नंबर 1800-233-2203 पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

