Home » घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, अब सिलेंडर की झंझट खत्म, रायपुर में सिटी गैस परियोजना शुरू
रायपुर में सिटी गैस परियोजना शुरू

घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, अब सिलेंडर की झंझट खत्म, रायपुर में सिटी गैस परियोजना शुरू

by Desk 1

रायपुर: छत्तीसगढ़ में आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलेगा बड़ा लाभ

इस परियोजना के तहत अब घरेलू उपभोक्ताओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) की सुविधा उपलब्ध होगी। पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और रिफिलिंग की परेशानी से राहत मिलेगी, वहीं सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा।

उद्योगों को सस्ती ऊर्जा, निवेश को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि निरंतर और किफायती ऊर्जा आपूर्ति से उद्योग क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और राज्य में नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रहा है और इस रजत जयंती वर्ष में सिटी गैस परियोजना राज्य के विकास की नई पहचान बनेगी।

सीएनजी से कम होगा प्रदूषण, आम लोगों को राहत

परियोजना के अंतर्गत वाहनों के लिए सीएनजी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनजी के उपयोग से वायु प्रदूषण में कमी आएगी और ईंधन खर्च भी कम होगा, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। हालिया बजट में इस दिशा में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, ताकि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।

तीन जिलों में शुरू हुआ सिटी गैस नेटवर्क

सिटी गैस अवसंरचना परियोजना की शुरुआत रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में की गई है। इसके माध्यम से घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी और वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति की जाएगी। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधि और परियोजना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE : भारत में WhatsApp पर लगेगा नया सिक्योरिटी लॉक, SIM बाइंडिंग नियम जल्द होंगे लागू

You may also like